कलेक्टर का सेवा सहकारी समिति कछौड़ में औचक निरीक्षण, अव्यवस्थित गोदाम पर जताई नाराजगी
समिति प्रबंधक को लगाई फटकार, तत्काल साफ-सफाई के निर्देश; खाद वितरण, किसान पंजीयन और फसल बीमा योजना की समीक्षा
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
एमसीबी। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सहकारी समिति मर्यादित कछौड़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति में खाद-बीज की उपलब्धता, किसानों के पंजीयन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति परिसर स्थित गोदाम की जर्जर और अव्यवस्थित स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। साफ-सफाई और रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने समिति प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल गोदाम की सफाई कर उसे व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद और बीज का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने समिति में उपलब्ध एमओपी, एमपीके, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और मांग के अनुरूप उपलब्धता की जानकारी भी ली।
इस दौरान कंप्यूटर प्रणाली में दर्ज ऑनलाइन अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने खाद वितरण, किसान पंजीयन और अन्य जानकारियों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के पंजीयन की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतिम तिथि से पहले सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा से जोड़ने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी एवं अन्य अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी दस्तावेज अद्यतन और त्रुटिरहित रखें जाएं तथा किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। किसी भी शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, डिप्टी कलेक्टर नेहा खलखो, डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा, कृषि विभाग के अधिकारी तथा समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
