विधिक साक्षरता शिविर में सामने आई नाबालिग की पीड़ा, नालसा टीम और आरपीएफ की तत्परता से चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से CWC भेजी गई
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
एमसीबी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैकुंठपुर (जिला कोरिया) के माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशानुसार मंगलवार को मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य यात्रियों को कानूनी अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में पैरालीगल वालंटियर (PLV) अंजनी यादव ने महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानूनों, बच्चों के अधिकारों, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी। वहीं पीएलवी अजय विश्वकर्मा ने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
इस दौरान आरपीएफ निरीक्षक बी.के. चौधरी एवं उप निरीक्षक अर्जुन सिंह ने मानव तस्करी की रोकथाम पर विशेष जानकारी देते हुए कहा कि यदि जागरूकता के माध्यम से किसी एक भी नाबालिग को सुरक्षित बचाया जा सके, तो यह समाज के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। शिविर में रेलवे सुरक्षा अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य सुरक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से लगभग 35 यात्री लाभान्वित हुए।
जागरूकता कार्यक्रम के बाद सामने आया संवेदनशील मामला
शिविर समाप्त होने के बाद एक नाबालिग बालिका ने हिम्मत जुटाकर अपनी आपबीती नालसा टीम के समक्ष रखी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बालिका बिलासपुर निवासी है और रात 11 बजे आने वाली ट्रेन का सुबह से रेलवे स्टेशन पर अकेले इंतजार कर रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नालसा टीम एवं रेलवे सुरक्षा बल ने बालिका की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे काउंसलिंग के लिए आरपीएफ कार्यालय में सुरक्षित बैठाया। इसके बाद तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क कर केस वर्कर टीम को बुलाया गया। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बालिका को रेलवे सुरक्षा बल मनेंद्रगढ़ द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) भेजा गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर जागरूकता और संबंधित एजेंसियों की संवेदनशीलता से नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
राजेश सिन्हा,8319654988
