एमसीबी ने रचा इतिहास: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में 95-95-95 लक्ष्य हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना
मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 95-95-95 राष्ट्रीय लक्ष्य हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बनने का गौरव प्राप्त किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के कुशल नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग की समर्पित टीम के सतत प्रयासों से जिले ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में जिला नोडल अधिकारी डॉ. मो. वसीक अस्दक तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में जिलेभर में सुनियोजित रणनीति, समय पर जांच, गुणवत्तापूर्ण उपचार और नियमित फॉलोअप के माध्यम से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू किया गया।
95-95-95 लक्ष्य में शानदार प्रदर्शन
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एमसीबी जिले ने तीनों चरणों में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की।
पहला 95: संभावित एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की समय पर पहचान एवं जांच कर लक्ष्य प्राप्त किया।
दूसरा 95: संक्रमित मरीजों को तत्काल एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़कर उपचार सुनिश्चित किया।
तीसरा चरण: वायरल लोड सप्रेशन में जिले ने 99 प्रतिशत लक्ष्य के मुकाबले 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय मानकों के बेहद करीब प्रदर्शन किया।
आईसीटीसी काउंसलरों का रहा अहम योगदान
इस सफलता में इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर (ICTC) की काउंसलर श्रीमती निशा सिंह और श्री विजेंद्र खटकर की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने मरीजों की प्रभावी काउंसलिंग, नियमित फॉलोअप और उपचार से जोड़ने में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिससे मरीजों का विश्वास बढ़ा और कार्यक्रम को सफलता मिली।
टीम वर्क बना सफलता की कुंजी
दिशा टीम, आईसीटीसी, एआरटी सेंटर, विशेषज्ञ चिकित्सकों, लैब तकनीशियनों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की प्रतिबद्धता और सेवा भावना ने एमसीबी को यह विशिष्ट पहचान दिलाई।
भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का संकल्प
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, काउंसलरों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की है। साथ ही यह संकल्प भी दोहराया गया कि जिले में एचआईवी की रोकथाम, समय पर जांच, प्रभावी उपचार, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सुनिश्चित की जाएंगी।
एमसीबी जिले की यह उपलब्धि केवल एक प्रशासनिक सफलता नहीं, बल्कि प्रभावी नेतृत्व, मजबूत टीम वर्क और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह मॉडल आने वाले समय में पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शक साबित होगा।
राजेश सिन्हा,8319654988
