स्कूली विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, स्वस्थ समाज का दिया संदेश
मनेंद्रगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा संचालित “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज मनेंद्रगढ़ द्वारा मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं संस्कारवान जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।
अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय झगड़ाखांड, एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल झगड़ाखांड, शासकीय हाईस्कूल झगड़ाखांड तथा स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से ब्रह्माकुमारी माधुरी एवं ब्रह्माकुमारी अनिता उपस्थित रहीं। वहीं झगड़ाखांड थाना प्रभारी भ्राता वासुदेव परगनिया भी कार्यक्रम में शामिल हुए और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों ने नशे के दुष्प्रभावों को समझते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर परिवार की खुशहाली, शिक्षा, आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर भी पड़ता है। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
“नशा छोड़ें, जीवन संवारें—स्वस्थ युवा, सशक्त समाज बनाएं” के संदेश के साथ विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से नशामुक्ति प्रतिज्ञा में हिस्सा लिया।
अभियान के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ और सशक्त समाज की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान का संदेश
“नशामुक्त युवा—स्वस्थ समाज की पहचान।”
राजेश सिन्हा,8319654988
