कैट के ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ में शामिल होने एमसीबी से दिल्ली रवाना हुए व्यापारी, जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार कर रहे नेतृत्व
मनेन्द्रगढ़। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ में शिरकत करने के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले का एक विशाल व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। इस यात्रा को लेकर जिले के व्यापारियों और स्थानीय व्यापार जगत में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह प्रतिनिधिमंडल कैट के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार के कुशल नेतृत्व में दिल्ली पहुँच रहा है। इस राष्ट्रीय महाकुंभ में एमसीबी के व्यापारी देशभर से जुटने वाले प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और व्यापारिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
स्थानीय उत्पादों और एमएसएमई को नई पहचान दिलाने की पहल
’भारतीय व्यापार महोत्सव’ को देश के व्यापारिक तंत्र को मजबूत करने के लिए एक बेहद अहम मंच माना जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय उत्पादों और स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देना।एमएसएमई (MSME) और छोटे-मझोले कारोबारियों को व्यापक बाजार मंच उपलब्ध कराना।
राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक नेटवर्किंग को सुदृढ़ करना।
प्रतिनिधिमंडल का मुख्य प्रयास मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) क्षेत्र के स्थानीय कारोबार, क्षेत्रीय उत्पादों और यहाँ के व्यापारियों को राष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाना है, ताकि क्षेत्र में नए कारोबारी अवसर और निवेश की राह आसान हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
दिल्ली रवाना होने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, रवि गुप्ता, कीर्ति सोनी, रफीक मेमन, शोएब, सिराजुद्दीन, अरविंद सराफ, माखन जयसवाल, मनीष शिवहरे और संदीप दुआ शामिल हैं।
इस दौरान विनय जयसवाल, अशोक गुप्ता और रिंकेश खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यापारियों ने यात्रा पर रवाना हो रहे पूरे दल को अपनी शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
राजेश सिन्हा,8319654988
