एप्सटीन फाइल्स मामले को लेकर नई लेदरी में महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च, केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
मनेंद्रगढ़/एमसीबी।महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और महिला कांग्रेस छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष फूलो देवी नेताम के निर्देशानुसार जिला महिला कांग्रेस के तत्वावधान में नई लेदरी में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च एप्सटीन फाइल्स में हुए गंभीर खुलासों के विरोध में तथा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया।
कैंडल मार्च वंदना हाई स्कूल, नगर पंचायत नई लेदरी से प्रारंभ होकर गांधी चौक तक निकाला गया, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक हाथों में मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की।
मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी सहमति दर्ज कराई। अभियान का उद्देश्य मामले में जवाबदेही तय कराने और पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना बताया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी,आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमोल सिंह सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हुए मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।
राजेश सिन्हा,8319654988



