नगर की होनहार छात्रा डॉ. श्वेता सिंह को मिला यंग साइंटिस्ट अवार्ड-2026
मक्का फसल पर शोध के लिए आउटस्टैंडिंग पीएचडी थीसिस अवार्ड भी मिला, राष्ट्रपति भवन में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव में भी कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व।
मनेंद्रगढ़ एमसीबी। नगर की प्रतिभाशाली छात्रा एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह को उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए यंग साइंटिस्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हाल ही में महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित 7वें ग्लोबल एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में प्रदान किया गया।
डॉ. श्वेता सिंह की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। उनके पीएचडी शोध प्रबंध “छत्तीसगढ़ के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में मक्का फसल की औसत काश्त लागत, औसत उत्पादन एवं उत्पादकता तथा पोषण में योगदान” विषय पर किए गए शोध को शिमला कृषि विश्वविद्यालय द्वारा 13वें आउटस्टैंडिंग पीएचडी थीसिस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।
इससे पूर्व भी डॉ. श्वेता सिंह को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा सर्वश्रेष्ठ पीएचडी शोधार्थी के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. श्वेता सिंह को देश के अमर जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव में सहभागिता के लिए भी आमंत्रित किया गया था। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से केवल 200 शोधार्थियों का चयन किया गया था। छत्तीसगढ़ से डॉ. श्वेता सिंह सहित विभिन्न विभागों के कुल छह शोधार्थियों को यह अवसर प्राप्त हुआ था।
इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने उपस्थित शोधार्थियों से अपनी प्रतिभा, ज्ञान, नवाचार एवं स्टार्टअप के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर एक विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया था।
डॉ. श्वेता सिंह, मनेंद्रगढ़ के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी परमेश्वर सिंह की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राजेश सिन्हा,8319654988
