स्कूल खुलने के बाद भी बच्चों को किताबें नहीं मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार को घेरा
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी। स्कूलों में नया शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद भी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें और यूनिफॉर्म उपलब्ध नहीं होने के मुद्दे पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में विफल साबित हो रही है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने जारी बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार विकास और सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने के बाद भी हजारों बच्चों तक किताबें और यूनिफॉर्म नहीं पहुंच पाई हैं, जिसके कारण विद्यार्थी बिना किताबों के पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार शाला प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, जबकि दूसरी ओर बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। यह स्थिति सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था के प्रति सरकार की लापरवाही बताया।
पूर्व विधायक ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को तत्काल किताबें और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
