भारत व्यापार महोत्सव 2026 को मिला महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन
कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार बोले केंद्रीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एमसीबी जिले से बड़ी संख्या में व्यापारी होंगे शामिल
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 को देशभर के जनप्रतिनिधियों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ संभाजी शिंदे ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिये अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
अपने संदेश में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा है कि व्यापार, उद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन तथा नये व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन देश के आर्थिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों को और मजबूती प्रदान करेगा।
इस संबंध में कैट एमसीबी के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव को देश के वरिष्ठ और केंद्रीय जनप्रतिनिधियों का लगातार समर्थन मिलना व्यापारिक जगत के लिये बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव व्यापारियों के लिये नये बाजार, नये व्यापारिक संपर्क और व्यवसाय विस्तार का सुनहरा अवसर साबित होगा। उन्होंने बताया कि 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव में एमसीबी जिले से अधिक से अधिक संख्या में व्यापारी भाई भाग लेंगे। इसके लिये लगातार पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है और व्यापारियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता की अपील की जा रही है।
जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने विश्वास जताया कि एमसीबी जिले के व्यापारियों की उल्लेखनीय भागीदारी से स्थानीय व्यापार, उद्योग और उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बेहतर व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)

