दशमेश पब्लिक स्कूल में नशामुक्ति, यातायात एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय, बीके विद्या दीदी ने दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
सरगुजा। सरगुजा पुलिस एवं जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा द्वारा दशमेश पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्ति, यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध एवं उससे बचाव सहित विभिन्न समसामयिक एवं संवेदनशील मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दशमेश पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा अतिथियों एवं नवा बिहान अभियान के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो ने विद्यार्थियों को नशे की लत और उसके दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सिगरेट के साथ ई-सिगरेट का उपयोग भी बढ़ रहा है। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी एक प्रकार का एडिक्शन बताते हुए विद्यार्थियों को इसके संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों को आत्मसात करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चे-बच्चियां दूसरों के बहकावे में आकर नशे की गिरफ्त में आसानी से आ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक बनने और नशामुक्त समाज के निर्माण में वालेंटियर की तरह अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका राजयोगिनी बीके विद्या दीदी ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने पर सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि जीवन में तनाव या दोस्तों का दबाव कितना भी हो, नशे से हमेशा दूर रहना चाहिए। नशे की लत से बचने और उससे छुटकारा पाने में आध्यात्म एवं मेडिटेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ भी दिलाई।
उप निरीक्षक अभय तिवारी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की जानकारी देते हुए नियमों की अनदेखी के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने डायल-112 की सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह एकीकृत आपातकालीन नंबर है, जिसके माध्यम से जरूरत के अनुसार सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए डायल 112 इंडिया ऐप की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।
वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने योग एवं अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर, श्वास और मन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन मनुष्य को श्रेष्ठ बनाता है, जबकि अनुशासनहीनता जीवन को गलत दिशा में ले जाती है। भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति के मूल्यों का अनुसरण कर ही मानवीय मूल्यों की सही अभिरक्षा की जा सकती है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन अध्यापिका रत्ना डे ने किया।
इस अवसर पर नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के संयोजक मंगल पाण्डेय, समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा, दशमेश पब्लिक स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह छाबड़ा, सचिव बलविंदर सिंह छाबड़ा, एकेडमिक डायरेक्टर सरदार जितेन्द्र सिंह सोढ़ी एवं प्राचार्या ममता विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
