प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने उठाए जनता के सवाल, कहा-सेवा संकल्प के बजाय सरकार अपने वादों का दे जवाब
एमसीबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल और उसके दौरान किए गए वादों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम हो सकता है, लेकिन देश की जनता के सामने आज भी रोजगार, महंगाई, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति जैसे गंभीर सवाल खड़े हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मना रही है, लेकिन कांग्रेस का सवाल यह है कि पिछले वर्षों में जनता से किए गए वादों का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की आय बढ़ाने और आम आदमी को आर्थिक राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज भी बेरोजगारी और महंगाई आम जनता के सामने प्रमुख समस्याएं बनी हुई हैं।
अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई कम करने जैसे वादों को लेकर सरकार को देश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा सेवा कार्यक्रम आयोजित कर रही है, लेकिन कांग्रेस जनता के बीच जाकर सरकार से उसके वादों और कार्यों का हिसाब मांग रही है।
पूर्व विधायक विनय जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में नोटबंदी और जीएसटी जैसे बड़े आर्थिक फैसले लिए गए। कांग्रेस इन फैसलों के प्रभाव को लेकर लगातार सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय कालेधन और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने सहित कई दावे किए गए थे, लेकिन बाद में बड़ी मात्रा में नकदी के बैंकिंग व्यवस्था में वापस आने का मुद्दा सामने आया। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि नोटबंदी से छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम नागरिकों को कितना लाभ मिला और कितनी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
विनय जायसवाल ने कहा कि जीएसटी की जटिलताओं और बार-बार होने वाले बदलावों को लेकर छोटे एवं मध्यम व्यापारियों ने भी समय-समय पर अपनी समस्याएं उठाई हैं। कांग्रेस का मानना है कि आर्थिक नीतियों का वास्तविक मूल्यांकन आम जनता, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों की स्थिति को देखकर होना चाहिए।
उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दे पर कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही गई थी। एमएसपी और किसानों की आय को लेकर सरकार को अपनी वर्तमान स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का किसान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि उसकी उपज का उचित मूल्य, लागत में कमी और स्थिर आय से मजबूत होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीब परिवारों से किए गए वादों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई का असर रसोई से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक दिखाई देता है, वहीं रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में केवल आयोजन और प्रचार से जनता के मूल सवाल समाप्त नहीं होते।
नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा ने कहा कि सरकार से यह भी पूछा जाना चाहिए कि युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ते से जुड़े वादों की वर्तमान स्थिति क्या है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, सरकारी संस्थानों की स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर भी सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा को सेवा और समर्पण की बात करने के साथ-साथ यह भी बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में जनता से किए गए प्रमुख वादों में कितनी प्रगति हुई है।
कांग्रेस नेता विजय नेमार ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, जीएसटी, नोटबंदी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, शिक्षा, स्वास्थ्य, छोटे कारोबार और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाने की बात कही।
जिला कांग्रेस नेता मंजीत सिंह और राहुल भाई पटेल ने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति के जन्मदिन के आयोजन का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि जनता के उन सवालों को सामने रख रही है जिनका जवाब सरकार से अपेक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को यदि सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जा रहा है, तो सरकार को भी जनता के प्रति अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि कांग्रेस आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से उसके वादों, नीतियों तथा उनके जमीनी प्रभाव का हिसाब मांगती रहेगी। प्रेस वार्ता के दौरान शाहिद महमूद, रवि विरहा, अशरफ खान, नदीम अख्तर, भारतेश जैन, निखिल यादव, शुभम शालूजा, हबीब खान, रामावतार सिंगरौल उपस्थित रहे
राजेश सिन्हा,8319654988

