
रणजी कैंप में चयनित अमित यादव का हुआ सम्मान
मनेंद्रगढ़ :- एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में कोरिया क्रिकेट संघ की ओर से रणजी कैंप में चयनित खिलाड़ी अमित यादव का सम्मान किया गया। हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।
अमित यादव ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रणजी तक पहुंचना आसान नहीं था, यह पूरी तरह मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अंडर-19 टूर्नामेंट को हल्के में न लें, क्योंकि यही सबसे बड़ा अवसर होता है, जो आत्मविश्वास और करियर की दिशा तय करता है।
कोरिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ने कहा कि जिले से जो भी खिलाड़ी प्रदेश या राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेगा, संघ हमेशा उसका सम्मान करेगा। उन्होंने इस दौरान यह भी उल्लेख किया कि मनेंद्रगढ़ में क्रिकेट के लिए अभी तक कोई बड़ा ग्राउंड उपलब्ध नहीं है। खिलाड़ी नेट प्रैक्टिस के सहारे ही तैयारी करते हैं। यदि मैदान की सुविधा मिल जाए, तो यहां की प्रतिभाएं और अधिक निखरकर सामने आएंगी।
स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि रणजी कैंप में अमित यादव का चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। साथ ही यह साबित करता है कि अगर खेल सुविधाएं बेहतर हों, तो मनेंद्रगढ़ की प्रतिभा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती है।
राजेश सिन्हा 8319654988