कोरिया की शानदार जीत, चांपा को एक पारी और 42 रन से हराया
कोरिया।जिला क्रिकेट संघ कोरिया ने अंडर-16 प्लेट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट मल्टी डे टूर्नामेंट में शानदार आगाज करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में चांपा जिला को एक पारी और 42 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ कोरिया टीम ने बोनस अंक सहित कुल 7 अंक अपने नाम कर लिए।
टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला कोरिया के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ। चांपा की टीम पहली पारी में कोरिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और महज 101 रन पर सिमट गई। कोरिया की ओर से स्वाभिमान यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके, जबकि कुश चावड़ा ने 2 और अथर्व सिंह ने 1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में कोरिया की टीम ने मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 202 रन बनाकर पहली पारी में 101 रन की बढ़त हासिल कर ली। टीम के लिए कुश चावड़ा ने 48 रन, वीर मेघानी ने 37 रन, अथर्व सिंह ने 34 रन, स्वाभिमान यादव ने 16 रन, आबिद अली ने 15 रन, भावेश रत्नाकर ने 13 रन और अभिनय सिंह दोहरे ने 10 रन का योगदान दिया।
दूसरी पारी में भी चांपा की टीम कोरिया के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम केवल 59 रन पर ऑल आउट हो गई। इस बार अथर्व सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए, जबकि स्वाभिमान यादव ने 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
कोरिया की इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर टीम ने मुकाबला एक पारी और 42 रन से जीत लिया।
अगला मुकाबला:
कोरिया टीम अपना अगला मैच 14-15 अप्रैल को बस्तर जिला के खिलाफ खेलेगी, जहां टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
राजेश सिन्हा,8319654988
