बिजली दरों में बढ़ोतरी और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ कांग्रेस का हमला, भाजपा सरकार जनता को लूटने में लगी – गुलाब कमरो
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बढ़ती बिजली दरों, बढ़े हुए बिजली बिलों एवं स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, मनेंद्रगढ़ में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार की बिजली नीति को जनविरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को सुनियोजित तरीके से आर्थिक बोझ तले दबाया जा रहा है।
गुलाब कमरो ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की गई है। वहीं किसानों के कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना लागू की गई थी, जबकि भाजपा सरकार ने उस योजना को बंद कर अब लगातार बिजली दरें बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं को मनमाने और भारी-भरकम बिजली बिल भेज रहा है। कई उपभोक्ताओं को उनकी सामान्य खपत से तीन से चार गुना अधिक बिल प्राप्त हो रहे हैं। एक ही माह में ऑनलाइन और ऑफलाइन अलग-अलग बिल जारी किए जा रहे हैं तथा उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना उनका लोड बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली खपत और बिलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना की समाप्ति तथा स्मार्ट मीटरों की कथित अनियमितताओं ने आम उपभोक्ता की परेशानी और बढ़ा दी है। सरकार को तत्काल बिजली दर वृद्धि वापस लेकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करनी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। एक ओर बिजली कटौती से लोग परेशान हैं, दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिल भेजकर जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। यह दोहरी मार अब प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। बिजली दरों में लगातार वृद्धि और बिलिंग में गड़बड़ियों के कारण उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आते ही जनता पर नए-नए आर्थिक बोझ डालने का काम किया जा रहा है। बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों को लेकर आम नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं ली गई तथा उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन को और उग्र रूप देगी।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988

