कोरिया जिले में तीन हत्याओं के बाद धारा 163 लागू, संवेदनशील क्षेत्रों में जुलूस-धरना पर रोक
बैकुंठपुर ।कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी करते हुए बैकुंठपुर के महलपारा, ग्राम नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के केशर प्लांट क्षेत्र को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जून की रात करीब 10:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम नौगई में हिंसक विवाद हो गया। कटगोड़ी निवासी लल्ला सिंह उर्फ भरत कुमार सिंह अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह एवं नागेंद्र सिंह के साथ मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी एवं अन्य लोगों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी तथा उनके साथियों के साथ मारपीट की।
घटना में लल्ला सिंह उर्फ भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने आशंका जताई है कि घटना के विरोध में लोक शांति भंग हो सकती है। इसी को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी गई है।
आदेश के प्रमुख बिंदु
महलपारा बैकुंठपुर, नौगई एवं कटगोड़ी स्थित केशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर दायरे में किसी भी व्यक्ति, राजनीतिक दल या कर्मचारी संगठन को जुलूस, धरना, प्रदर्शन एवं आमसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिबंधित क्षेत्र में बंदूक, रायफल, पिस्टल, भाला, बल्लम, बरछा, लाठी सहित किसी भी प्रकार के घातक हथियार एवं विस्फोटक सामग्री लेकर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर वितरण अथवा शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।
यह आदेश शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें ड्यूटी के दौरान हथियार अथवा लाठी रखना आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
राजेश सिन्हा, 8319654988
