पूर्व विधायक गुलाब कमरो की शिकायत पर बड़ा एक्शन
आंगनबाड़ी भर्ती अनियमितता मामले में 7 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट
एमसीबी। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के मामले में पूर्व विधायक एवं ट्रेड यूनियन काउंसिल छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष गुलाब कमरो द्वारा की गई शिकायत पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
एकीकृत बाल विकास परियोजना मनेंद्रगढ़ अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर की गई भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी, पात्र अभ्यर्थियों की उपेक्षा तथा अपात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए थे।
इस संबंध में पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।
शिकायत में उल्लेख किया गया था कि 16 अगस्त 2024 को जारी विज्ञापन के आधार पर की गई भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं चयन मापदंडों का पालन नहीं किया गया।आरोप है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और कई योग्य अभ्यर्थियों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से चयन किया गया।
उन्होंने संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव स्तर पर इसे संज्ञान में लिया गया।
प्रमुख सचिव के निर्देश पर इस प्रकरण को विभाग की समय-सीमा (टीएल) सूची में शामिल किया गया है, जिसके बाद संचालनालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) को पत्र जारी किया है।
जारी निर्देश में संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर सात दिवस के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन संचालनालय को भेजने के लिए कहा गया है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियम विरुद्ध कार्यवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि
“भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है तथा किसी भी पात्र अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष रूप से होगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
राजेश सिन्हा,8319654988
