गैस पाइपलाइन कार्य से मनेन्द्रगढ़ की सड़कें बदहाल, जलापूर्ति भी प्रभावित
कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने उठाये सवाल
15 दिन में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पिछले लगभग छह माह से जारी है लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही के कारण मनेन्द्रगढ़ की कई सड़कें बदहाल हो गई हैं वहीं खुदाई के दौरान बार-बार नगर की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है जिससे शहरवासियों को लगातार पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
एमसीबी जिला कांग्रेस प्रवक्ता और वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाया है कि गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी ने सड़कों की खुदाई के बाद उनकी समुचित मरम्मत नहीं कराई है और ना ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर निर्माण कार्य के दौरान लगातार जलापूर्ति पाइपलाइन को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है जिससे शहर के कई वार्डों में पानी की सप्लाई बार-बार बाधित हो रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वप्निल सिन्हा ने बताया कि शहर के अनेक हिस्सों में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, मिट्टी के ढेर तथा बरसात के कारण कीचड़ और पानी जमा है। कई स्थानों पर केवल औपचारिकता के तौर पर एक पीला बैरिकेड लगाकर छोड़ दिया गया है वहीं खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन टूट जाने से जलापूर्ति नियमित रूप से प्रभावित हो रही है जिससे नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी इन्हीं जोखिम भरे मार्गों से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कई बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। गड्ढों में जमा पानी और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा सड़क की एक लेन बंद रहने से शहर में लगातार जाम की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से यही स्थिति बनी हुई है। कंपनी पाइपलाइन का कार्य तो कर रही है लेकिन सड़कों की मरम्मत, यातायात सुरक्षा और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने की जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिक टैक्स भी देते हैं और बदहाल सड़कों पर चलने के साथ-साथ पानी की समस्या भी झेलने को मजबूर हैं जबकि गैस कंपनी के साथ साथ शासन प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े हुए हैं।
स्वप्निल सिन्हा ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि 15 दिनों के भीतर शहर की सभी खोदी गई सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाये साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सभी स्थानों पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने यह भी मांग की कि पेयजल पाइपलाइन को बार-बार होने वाले नुकसान को रोकने के लिये निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी की जाये ताकि शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति उपलब्ध हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई तो कांग्रेस आम नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करेगी।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
