शासकीय स्कूलों के बच्चों को ABVP की तिरंगा रैली में शामिल कराने का आरोप, कांग्रेस नेताओं ने की निष्पक्ष जांच की मांग
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
मनेंद्रगढ़। शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले आयोजित तिरंगा रैली में शामिल किए जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा और राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रमों का सभी समर्थन करते हैं, लेकिन शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक संगठन के झंडे या बैनर के साथ रैली में शामिल कराया जाना गंभीर विषय है। उनका कहना है कि शासकीय शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ राजकुमार केशरवानी ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान है और वे तिरंगा यात्रा के पूर्ण समर्थन में हैं। लेकिन यदि शासकीय स्कूलों के बच्चों को राजनीतिक संगठन के झंडे के साथ रैली में शामिल कराया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन ने कहा कि शासकीय स्कूलों का उपयोग किसी राजनीतिक संगठन के प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए। बच्चों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
NSUI जिला MCB उपाध्यक्ष शिवम सिंह राजपूत ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना चाहिए, न कि राजनीतिक संगठनों के कार्यक्रमों से। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि शासकीय शिक्षण संस्थान गैर-राजनीतिक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि शासकीय विद्यालय शिक्षा के मंदिर हैं और उनकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन एवं प्रदर्शन के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन, जिला प्रवक्ता एवं पार्षद स्वप्निल सिन्हा, NSUI जिला उपाध्यक्ष शिवम सिंह राजपूत, जिला महामंत्री कांग्रेस पार्टी राजेश सिंह, पार्षद अजय जायसवाल, पार्षद गिरधर जायसवाल, रवि जैन, मंडलम अध्यक्ष अमित पुरी, मो. नईम, गौरव गुप्ता, सौरव गुप्ता, तमश, नीरज, मोहित, पवन, महिला कांग्रेस की गीतिका चंदेल, मोहनी महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रैली में बच्चों को शामिल कराने और राजनीतिक संगठन के बैनर के इस्तेमाल को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
राजेश सिन्हा,8319654988


