नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का साय सरकार पर बड़ा हमला, बोले—“इनके मंत्री पढ़े-लिखे नहीं”
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने साय सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर बड़ा बयान दिया है। महंत ने मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “इनके मंत्री कोई पढ़े-लिखे तो हैं नहीं, जो जी में आता है, वह बोल देते हैं।”
नक्सलवाद के मुद्दे पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद एक सोच और एक विचार है, जो भारत देश में आया था और अभी तक पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो गया है, ऐसा मान लेना जल्दबाजी होगी। उन्होंने इसे “दिमागी कमजोरी, बुद्धिमानी नहीं” बताते हुए कहा कि नक्सलवाद की सोच और विचारधारा धीरे-धीरे समाप्त जरूर हो रही है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म मान लेना उचित नहीं होगा।
नेता प्रतिपक्ष के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में नक्सलवाद और सरकार के दावों को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988
