सावन के अंतिम सोमवार पर आमखेरवा चौक में गूंजा ‘हर हर महादेव’, शिव मंदिर में हुआ भव्य दुग्ध अभिषेक
मनेन्द्रगढ़। सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर आमखेरवा चौक स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में मंदिर समिति द्वारा विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संपूर्ण मंदिर प्रांगण ‘हर हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के विधि-विधान पूर्वक पूजन और दुग्ध अभिषेक के साथ हुई। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच महादेव का दुग्ध स्नान कराया गया, जिसके बाद भव्य हवन और महाआरती का आयोजन हुआ। पूजा-अर्चना संपन्न होने के पश्चात समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच भोग एवं महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उपस्थित होकर धर्म लाभ उठाया।
जनप्रतिनिधियों की रही विशेष मौजूदगी
धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशवानी, पार्षद गिरधारी जायसवाल,सरजू यादव तथा पार्षद स्वप्निल सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वप्निल सिन्हा व परिवार का सराहनीय सहयोग
आयोजन को भव्य और सफल बनाने में पार्षद स्वप्निल सिन्हा एवं उनके परिवार का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। मंदिर समिति ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
राजेश सिन्हा,831654988

