भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के नेतृत्व में सोनहत में भव्य कांवड़ यात्रा, 10 हजार से अधिक शिवभक्त हुए शामिल
सोनहत। महादेव सेवा समिति एवं भरतपुर-सोनहत की विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के आयोजन में सोनहत में विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा में 10 हजार से अधिक शिवभक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।
कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्तों के “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा सोनहत भक्तिमय हो उठा। सड़कों पर उमड़ी कांवड़ियों की भीड़ और शिवभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने इस आयोजन को भव्य एवं यादगार बना दिया।
आयोजन के दौरान मां बागेश्वरी जागरण मंच द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही शिव भजनों की प्रस्तुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत, झांकियों और प्रसाद वितरण से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं उत्सवी माहौल बना रहा।
आयोजकों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सहभागिता आयोजन की सफलता और भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था का प्रतीक है। आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी शिवभक्तों, कांवड़ियों, समिति सदस्यों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सोनहत की धरती पर गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष ने पूरे आयोजन को भक्ति और आस्था के अद्भुत उत्सव में बदल दिया।
राजेश सिन्हा, 8319654988

