क्रिकेट खिलाड़ियों के ट्रायल की तिथि घोषित, 31 अगस्त से होगी चयन प्रक्रिया
एमसीबी/कोरिया।छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार सत्र 2027-28 के लिए जिला क्रिकेट संघ कोरिया द्वारा पुरुष वर्ग के क्रिकेट खिलाड़ियों के ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। ट्रायल जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में जिला क्रिकेट संघ कोरिया के सदस्यों एवं चयनकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंडर-14 वर्ग का ट्रायल 31 अगस्त को होगा। इसके लिए खिलाड़ियों की कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2012 निर्धारित की गई है। वहीं अंडर-16 वर्ग का ट्रायल भी 31 अगस्त को होगा, जिसकी कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2011 है। अंडर-19 वर्ग का ट्रायल 1 सितंबर को आयोजित किया जाएगा और इसकी कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2008 निर्धारित है।
ट्रायल प्रक्रिया के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) की ओर से ऑब्जर्वर कमल घोष उपस्थित रहेंगे। चयन प्रक्रिया जिला क्रिकेट संघ कोरिया के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित चावड़ा, विनोद जायसवाल, सारदा मरावी एवं संजय सिंह की मौजूदगी में संपन्न होगी। वहीं सहायक के रूप में रमणीक सिंह रैना (गोलू) एवं किशन कुमार केवट मार्गदर्शन करेंगे।
जिला क्रिकेट संघ ने ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए सफेद ड्रेस एवं अपना क्रिकेट किट साथ लाना अनिवार्य किया है। साथ ही केवल रजिस्टर्ड एवं रिन्यूवल कराए हुए खिलाड़ी ही ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे। जिन खिलाड़ियों के आवश्यक दस्तावेज अभी जमा नहीं हुए हैं, उन्हें ट्रायल से पूर्व अपने दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला क्रिकेट संघ ने सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।
राजेश सिन्हा,8319654988

