एमसीबी में कांग्रेस का मनरेगा बचाओ आंदोलन, भीड़ जुटी पर प्रदर्शन रहा सीमित
राजेश सिन्हा 8319654988
एमसीबी। मनरेगा बचाओ अभियान, किसानों की धान खरीदी में हो रही परेशानी और आम लोगों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने एमसीबी जिले में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस आंदोलन में कोरबा लोकसभा की सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरों, पूर्व विधायक विनय जायसवाल सहित जिले भर से हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान मंच से सरकार के विरोध में जमकर भाषणबाजी की गई और नारे लगाए गए। धरना स्थल पर भीड़ तो बड़ी संख्या में मौजूद रही, लेकिन जिस तरह के उग्र और प्रभावी प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही थी, वह देखने को नहीं मिला।
धरना स्थल से हजारों की भीड़ पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय घेराव के लिए पहुंची, लेकिन कुछ ही मिनटों के भीतर प्रदर्शन शांत हो गया और कार्यकर्ता अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो गए। इससे आंदोलन की धार कमजोर नजर आई।
प्रशासन ने संभावित प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व डीएफओ कार्यकाल के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। कलेक्टर कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन कांग्रेस का यह प्रदर्शन अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा।
कुल मिलाकर कांग्रेस इस आंदोलन में भीड़ जुटाने में तो सफल रही, लेकिन प्रदर्शन की तीव्रता और प्रभाव उस स्तर का नहीं रहा, जैसा कि पहले कयास लगाए जा रहे थे।
