“कलम के सिपाहियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ, एमसीबी प्रेस क्लब का गरिमामय समारोह”
एमसीबी। जिले में एमसीबी प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को शहर के हसदेव इन होटल में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में न्यायपालिका के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया। स्वागत उपरांत प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष रणजीत सिंह सहित सभी पदाधिकारियों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश लोकेश कुमार ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल समाचार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार और समाज के बीच संतुलन बनाए रखने का भी कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपना दायित्व निभाएं तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी ने कहा कि पत्रकारों की कलम में समाज को सही दिशा देने की शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि बिना ठोस आधार के खबर प्रकाशित होने से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए पत्रकारों को सत्य और संतुलन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
वहीं न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में पत्रकारों की मेहनत और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार हर जगह से खबरें जुटाकर समाज तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन अखबार नहीं आता, उस दिन समाज में एक तरह का खालीपन महसूस होता है, जिससे पत्रकारिता के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत विविध संस्कृतियों और परंपराओं वाला लोकतांत्रिक देश है, जहां न्यायपालिका और प्रेस दोनों ही स्वतंत्र संस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया का सबसे बड़ा दायित्व जनता का विश्वास बनाए रखना है। उन्होंने पत्रकारों से समाज से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता के साथ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में न्यायाधीश राजेन्द्र वर्मा, विवेक तिवारी, लोकेश कुमार, नगर निगम के महापौर राम नरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे, कमांडेंट संजय शर्मा, अतिरिक्त लोक अभियोजक गोपाल सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, ग्रीन वैली संस्थान के प्रतिनिधि सहित जिले के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रत्न जैन को लंबे समय से किए जा रहे उनके पत्रकारिता योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
राजेश सिन्हा,8319654988


