व्हीलचेयर मिलने से बदली दो दिव्यांग महिलाओं की जिंदगी, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल
एमसीबी/ समाज कल्याण विभाग, जिला एमसीबी द्वारा दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम और सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत खोंगापानी क्षेत्र की दो दिव्यांग महिलाओं – श्रीमती रामकली एवं श्रीमती तेतरा बाई – को आवागमन में सुविधा हेतु व्हीलचेयर (ट्राइसाइकिल) प्रदान की गई। यह सहायता उनके लिए न केवल दैनिक जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ाएगी। अब तक सामान्य गतिविधियों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाली इन महिलाओं के लिए यह सहायता किसी नई शुरुआत से कम नहीं है। व्हीलचेयर प्राप्त करने के बाद दोनों के चेहरे पर संतोष और उम्मीद साफ झलक रही थी। उन्होंने भावुक होकर विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहयोग उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचायक है, जो जरूरतमंदों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने की दिशा में सतत कार्यरत है।
राजेश सिन्हा,8319654988

