अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता मिशन-2026 के तहत ग्रामीणों को किया गया जागरूक
चैनपुर, साल्ही और लालपुर में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित, रेल सुरक्षा के प्रति लोगों को किया गया सचेत
मनेंद्रगढ़। अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता मिशन-2026 के तहत 9 जून 2026 को ग्राम चैनपुर, साल्ही एवं लालपुर में रेलवे सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन-संवाद कार्यक्रम के माध्यम से रेलवे अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समपार फाटक और रेलवे लाइन के आसपास बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि समपार फाटक को पार करते समय हमेशा निर्धारित नियमों का पालन करें तथा फाटक बंद होने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। इसके साथ ही घरों और गांवों के समीप से गुजरने वाली रेलवे लाइन के आसपास स्वयं एवं अपने पशुओं को सुरक्षित रखने के उपाय भी समझाए गए।
रेलवे अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि रेलवे ट्रैक के आसपास कूड़ा-कचरा अथवा खाद्य सामग्री न फेंकें। ऐसा करने से पशु आकर्षित होकर रेलवे लाइन पर पहुंच जाते हैं, जिससे ट्रेन दुर्घटनाओं और पशुहानि की आशंका बढ़ जाती है।
जन-जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पार करने के सुरक्षित तरीकों, बच्चों की सुरक्षा, पशुओं की निगरानी तथा रेल संपत्ति की सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और रेलवे सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
रेलवे विभाग ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना, जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए रेलवे द्वारा दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारियों को उपयोगी बताया।
राजेश सिन्हा,8319654988
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)

