मनेंद्रगढ़ समेत 5 मेडिकल कॉलेजों पर NMC की रोक, स्वास्थ्य मंत्री बोले – ‘ज्यादा खुश न हो कांग्रेस, मैच अभी बाकी है’
मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेजों की मान्यता पर संशय, मंत्री बोले – 99% गाइडलाइंस पूरी, अपील में जाकर लाएंगे मान्यता
मनेंद्रगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। नेशनल मेडिकल कमिशन (NMC) ने प्रदेश के 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों (दंतेवाड़ा, कवर्धा, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा और मनेंद्रगढ़) के संचालन और मान्यता के प्रस्ताव को फिलहाल रोक दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
विपक्ष के चौतरफा हमलों के बीच छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मोर्चा संभालते हुए कांग्रेस को करारा जवाब दिया है और साफ कहा है कि “अभी मैच खत्म नहीं हुआ है, हम अपील में जा रहे हैं।”
NMC की रोक पर स्वास्थ्य मंत्री की दोटूक: “प्रक्रिया अभी जारी है”
मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने NMC द्वारा प्रस्ताव खारिज किए जाने की बात पर स्थिति साफ की। उन्होंने कहा:
निर्माणाधीन हैं कॉलेज: “मेडिकल कॉलेजों और उनसे संबद्ध अस्पतालों का निर्माण कार्य अभी चल रहा है। हमने इस साल से ही पढ़ाई शुरू करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। NMC की अपनी गाइडलाइंस होती हैं।”
99% मापदंड पूरे: “हम दंतेवाड़ा, कवर्धा, कुनकुरी, जांजगीर और मनेंद्रगढ़ जैसे सुदूर इलाकों में 99% गाइडलाइंस पर खरे उतर चुके हैं。 जो कुछ कमियां रह गई हैं, उन्हें समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है।”
15 दिन में करेंगे अपील: “NMC के फैसले के बाद हमारे पास अपील के लिए 15 दिनों का वक्त होता है। हम फिर से अपील में जा रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि केंद्र सरकार और NMC हमें मान्यता देगी तथा इसी शिक्षा सत्र से यहाँ चिकित्सा की पढ़ाई शुरू होगी।”
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव पर तीखा हमला
जायसवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव (बाबा साहब) को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “बाबा साहब दूसरों पर दोषारोपण करने के बजाय अपना कार्यकाल देखें। वे खुद स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम रहे, लेकिन अपने क्षेत्र का अस्पताल तक नहीं बनवा पाए। हमारी सरकार ने आते ही इसके लिए ₹109 करोड़ स्वीकृत किए हैं। कांग्रेस 5 साल में एक मेडिकल कॉलेज शुरू नहीं कर पाई, हम 5-5 कॉलेज शुरू करने जा रहे हैं।”
मंत्री: “कांग्रेस का पुराना चश्मा है”
कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन के दौरान लगाए गए 30 से 40 प्रतिशत दवा कमीशन के आरोपों पर मंत्री जायसवाल ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया।
कांग्रेस नेताओं के दिमाग से अभी भी 30-40% कमीशन और भ्रष्टाचार की बात निकल नहीं रही है। यह उनका अपना पुराना तजुर्बा है। हमने तो इनके समय के ₹700 करोड़ के रीजेंट घोटाले की जाँच EOW और ED को सौंपी है और ₹400 करोड़ का संदिग्ध भुगतान रोका है।
श्यामबिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री
अमानक दवाओं की खबरों पर उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन की तुलना में 10 गुना अधिक जांचें की हैं। जब जांच होगी, तो कमियां निकलेंगी और हम लगातार ऐसी कंपनियों और दवाओं पर कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं।
डबल इंजन सरकार का संकल्प: स्वास्थ्य सुविधाओं से समझौता नहीं
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम कर रही है। कॉलेजों के लिए प्रोफेसरों की नियुक्ति की जा चुकी है और स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जारी है। NMC के हर मापदंड को पूरा कर इन पांचों मेडिकल कॉलेजों को शुरू कराया जाएगा।
राजेश सिन्हा,8319654988
