स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल मनेंद्रगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल मनेंद्रगढ़ में मंगलवार को शाला प्रवेशोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों की मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
शाला प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया गया। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य श्री रामाश्रय शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा यादव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा नियमित रूप से विद्यालय आने की प्रेरणा दी।
शाला प्रवेशोत्सव में जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी श्री रविकांत यादव, एसएमडीसी सदस्य श्री सरजू यादव, श्री मनोज केशरवानी, श्री अजय विश्वकर्मा, अभिभावकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्री इरफान खान ने किया। अंत में प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार नवीन शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने भोजन मंत्र के उच्चारण के बाद मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।
शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों, विशेषकर पहली बार स्कूल आने वाले बच्चों के मन से भय दूर कर उन्हें शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का सफल प्रयास साबित हुआ।
राजेश सिन्हा,8319654988
