हक की मांग:अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, कहा- 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता लेकर रहेंगे
मनेंद्रगढ़ कोरिया -छग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की प्रांतव्यापी हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। अलग-अलग संगठनों के सैकड़ों कर्मचारियों ने साई मंदिर प्रांगण के पास उपस्थित होकर धरना प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि प्रांतीय निकाय के आव्हान पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा काम बंद कलम बंद हड़ताल की जा रही है। इसके अनुक्रम में यहां भी अधिकारी कर्मचारी साई मंदिर प्रांगण के पास में फेडरेशन के बैनर तले धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को तीसरे दिन भी यहां कर्मचारी अधिकारियों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी इसमें शामिल हुए। यहां लोगों को संबोधित करते हुए आंदोलन के ब्लाक संयोजक गोपाल सिंह और तहसीलसहयोजक सतेन्द्र सिन्हा ने हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन का चौथा चरण है परंतु आज भी सरकार उनकी मांगें सुनने को तैयार नहीं है। यह एक विडंबना है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी सभी राज्यों ने महंगाई की स्थिति को देखते हुए केंद्र के समान महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता में बढ़ोत्तरी कर दी है परंतु केवल छग सरकार ही कर्मचारियों के हितों को दरकिनार किए हुए है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब कर्मचारियों को महंगाई भत्ता के लिए भी आंदोलन करना पड़ रहा है। इससे पहले ऐसी स्थिति कभी निर्मित नहीं हुई थी। इस बार अनिश्चितकालीन आंदोलन कर्मचारियों की मांगों को पूरा कराने के लिए है और कर्मचारी तब तक डटे रहेंगे तब कि उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि बिना संघर्ष के कभी भी सफलता हासिल नहीं की जा सकती है। कर्मचारी पूरी निष्ठा से शासकीय कार्यों का संचालन करने में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। परंतु सरकार उनकी ओर ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनका दायित्व बन जाता है। उन्होंने कहा कि जब-जब कर्मचारियों ने अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी है सरकार को उनकी मांगों को सुनना पड़ा है। एक बार फिर ऐसा अवसर आया है जब कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर हैं और इस बार भी सरकार को उनकी बात सुननी ही पड़ेगी हड़ताल के के दौरान डॉक्टर विनीत भारद्वाज कृषि विभाग पी आर परिहार,आलोक बकरे, डॉक्टर कोमल राय,न्यायालयीन कर्मचारी वन विभाग से जगदीश सिंह देव सिंह राजस्व निरीक्षक रामप्रताप सिंह, सुरेन्द्रपाल सिंह, दोष राम पटेल राजस्व निरीक्षक वन विभाग से पी एन सिंह भाव सिंह पावले जगदेव सिंह देव सिंह आदि कर्मचारी आंदोलन में उपस्थित रहे
राजेश सिन्हा