स्थानीय पुरातात्विक और ऐतिहासिक धरोहर को सहेजें – प्रभा पटेल।
इंटैक कोरिया चैप्टर द्वारा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ में हुआ कार्यक्रम।
मनेन्द्रगढ़। इंटैक इंडिया हेरिटेज क्विज 2022 का आयोजन दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, इंटेक कोरिया चैप्टर के कन्वेनर रमेश सिंह ,को- कन्वेनर अशोक जायसवाल, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की प्राचार्या अर्चना मिश्रा और शासकीय हाई स्कूल पिपरिया के प्राचार्य डॉ विनोद कुमार पांडे की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का सुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी की छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने फॉसिल्स पार्क एवं जिले के अन्य पुरातत्व की चीजों को सहेजने की बात करते हुए इंटैक कोरिया चैप्टर को इस कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया तथा कहा की इस प्रकार के कार्यक्रम से बच्चों को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ स्थानीय पुरातात्विक और ऐतिहासिक स्थानों की भी जानकारी प्राप्त होगी।
कोरिया चैप्टर के कन्वेनर रमेश सिंह ने अपने आसपास के पुरातत्व व सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इंटैक के माध्यम से एवं छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से संरक्षित एवं सुरक्षित करने की बात कही। डॉ विनोद पांडे ने इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज के बारे में बताया कि यह विश्व की सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक है जो मूर्त और अमूर्त विरासत के प्रति जागरूकता रखरखाव व सुरक्षित रखने की दिशा में कार्य करती है तथा प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में नगर के दस शासकीय और निजी विद्यालय के सौ से अधिक छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (ई संवर्ग ) मनेंद्रगढ़, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ( टी संवर्ग) शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल ,केंद्रीय विद्यालय झगराखांड, केंद्रीय विद्यालय रेलवे, खालसा अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सरस्वती विकास विद्यालय एवं आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की पांच पांच टीमों ने भाग लिया।
इस लिखित परीक्षा में चार टीमों का चयन किया जिसमे प्रथम विजय अंग्रेजी माध्यम स्कूल , द्वितीय दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, तृतीय आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं चतुर्थ स्थान सरस्वती विकास विद्यालय ने प्राप्त किया। इन चार टीमों में मौखिक प्रश्नोत्तरी के आधार पर अंतिम चयन किया गया जिसमें विजय अंग्रेजी माध्यम स्कूल मनेंद्रगढ़ की शिप्रा तिवारी एवं पलक मिश्रा को प्रथम तथा दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ के गौर सुन्दर दुबे और अक्षिता मिश्र ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान पर चयनित टीम को इंटैक की तरफ से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने रायपुर भेजा जायेगा।
कार्यक्रम के अंत में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की प्राचार्या ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र छात्राओं को संबोधित किया तथा आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से सत्येंद्र सिंह प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्राचार्य खालसा अंग्रेजी माध्यम स्कूल , सतीश उपाध्याय ,राजेश गोयल, एस.पी. सिंह , डॉ ए सी झा सहित सभी स्कूलों के शिक्षक शिक्षकाएँ और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा