
एनएचएम कर्मचारियों का धरना चौथे दिन भी जारी, पूर्व विधायक गुलाब कमरों का समर्थन
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन मनेंद्रगढ़ में लगातार चौथे दिन भी जारी है। कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और साफ कहा है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
गुरुवार को भरतपुर–सोनहत विधानसभा के पूर्व विधायक गुलाब कमरो धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों की समस्याएँ पूरी तरह जायज़ हैं और इन्हें तत्काल मान लिया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय उनकी पहल पर कर्मचारी संघ और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच वार्ता हुई थी। उस वार्ता के बाद सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मानते हुए मानदेय में 27 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान बजट में रखा था, लेकिन वर्तमान सरकार के आने के बाद कर्मचारियों को आज तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।
कमरो ने भरोसा दिलाया –
“हम कर्मचारियों के साथ थे, हैं और हमेशा रहेंगे। उनकी लड़ाई पूरी तरह उचित है और मैं उनके साथ खड़ा हूँ।”
धरना स्थल पर पूर्व विधायक के पहुंचने से कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सरकार से जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
कर्मचारियों की प्रमुख 10 सूत्रीय मांगे इस प्रकार हैं –
1. संविलियन एवं स्थायीकरण
2. पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
3. ग्रेड पे निर्धारण
4. लंबित 27% वेतन वृद्धि
5. कार्य मूल्यांकन (CR) व्यवस्था में पारदर्शिता
6. नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण
7. अनुकम्पा नियुक्ति
8. मेडिकल एवं अन्य अवकाश की सुविधा
9. स्थानांतरण नीति
10. न्यूनतम 10 लाख तक कैशलेस चिकित्सा बीमा सुविधा
✍️ संपादक – राजेश सिन्हा
📞 8319654988