
राज्य में 166 महतारी सदन के निर्माण को मंजूरी
मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले को मिला 3 महतारी सदनों का लाभ
एमसीबी। प्रदेश सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 166 महतारी सदन निर्माण की मंजूरी प्रदान की है। इस स्वीकृति के तहत मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के लिए भी तीन महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले के दुग्गी, कटकोना और ठग्गांव ग्राम पंचायत में महतारी सदन का निर्माण होगा। प्रत्येक सदन के लिए 30-30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की गाइडलाइन के अनुसार ये भवन 2500 वर्गफुट में बनाए जाएंगे, जिनमें कमरा, बरामदा, हॉल, किचन, स्टोर रूम, पेयजल हेतु ट्यूबवेल और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ की तीन ग्राम पंचायतों को पहले चरण में महतारी सदन की स्वीकृति देने के लिए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।