सौम्या ने शास्त्रीय गायन में हासिल किया प्रथम स्थान, अब राष्ट्रीय स्तर पर देंगी प्रस्तुति
मनेंद्रगढ़। एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय झगराखांड की कक्षा 11वीं की छात्रा सौम्या गुप्ता ने शास्त्रीय गायन में उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही सौम्या अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रस्तुति देंगी।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्ग, रायपुर, जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर क्लस्टर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सौम्या ने अंबिकापुर क्लस्टर की ओर से शास्त्रीय गायन में भाग लेते हुए राग भूपाली में छोटा ख्याल एवं तराना प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में तबला संगत छात्र उज्जवल बोम्माली ने की।
सौम्या नगर के प्रतिष्ठित गायक, कवि एवं शिक्षक रमेश गुप्ता की सुपुत्री हैं। अपनी सफलता का श्रेय सौम्या ने अपनी बुआ करुणा गुप्ता, गुरुजनों और माता-पिता को दिया है।
सौम्या की इस शानदार उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय झगराखांड के प्राचार्य, शिक्षकगण, सहपाठियों एवं इष्ट-मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
गौरतलब है कि इससे पूर्व रमेश गुप्ता के सुपुत्र शुभम गुप्ता भी तबला वादन में राष्ट्रीय स्तर तक प्रस्तुति देकर मनेंद्रगढ़ का नाम गौरवान्वित कर चुके हैं। अब सौम्या की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि की ओर बढ़ते कदम से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
राजेश सिन्हा,8319654988
