कायस्थ महिलाओं ने पहली बार मनाया भव्य सावन उत्सव, खेलों और गीतों से सजा आयोजन
मनेन्द्रगढ़। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) के तत्वावधान में कायस्थ महासभा की महिलाओं द्वारा पहली बार सावन उत्सव का भव्य एवं सामाजिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कायस्थ समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महिलाओं का टीका-चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात भगवान महाराज चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने अपना परिचय दिया और एक-दूसरे से संवाद स्थापित करते हुए सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
सावन उत्सव के दौरान कायस्थ समाज की महिलाओं ने गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद महिलाओं के लिए मैजिकल नंबरिंग गेम सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रोचक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा। विजेता प्रतिभागियों को आयोजकों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस सावन उत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज की अधिक से अधिक महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ना, आपसी मेल-जोल और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं को कुछ समय के लिए मोबाइल से दूर रखकर सामूहिक मनोरंजन, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
पहली बार आयोजित सावन उत्सव को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने सामाजिक एकता, महिला सहभागिता और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का संदेश दिया।
राजेश सिन्हा,8319654988
