बैकुंठपुर में सियान सदन की मांग, पेंशनर महासंघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बैकुंठपुर, कोरिया। भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की जिला शाखा कोरिया ने जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में सियान सदन (Senior Citizen Activity and Welfare Centre) की स्थापना की मांग को लेकर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव को ज्ञापन सौंपा।
संघ की पूर्व बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रदीप सोनी ने सुझाव दिया था कि अन्य जिलों की तर्ज पर बैकुंठपुर में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान सदन की स्थापना होनी चाहिए। इसी प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए संघ ने शासन-प्रशासन के समक्ष मांग रखने का निर्णय लिया था।
17 अगस्त को संघ के अध्यक्ष श्री प्रेमचंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव से मुलाकात कर ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस दौरान संघ के सदस्य श्री दीपक राजदान द्वारा तैयार किए गए विस्तृत प्रस्ताव के माध्यम से सियान सदन की आवश्यकता और उपयोगिता के संबंध में कलेक्टर को जानकारी दी गई।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनेगा उपयोगी केंद्र
संघ का कहना है कि सियान सदन से सेवानिवृत्त एवं वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से सक्रिय रहने के लिए एक बेहतर मंच मिल सकेगा। विशेषकर अकेलेपन से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह केंद्र संवाद, सहभागिता और सम्मान का स्थान बन सकता है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और ज्ञान का समाजहित में उपयोग करने के लिए भी सियान सदन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कलेक्टर ने दिया सकारात्मक आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मांग को गंभीरता से सुना और अपने स्तर से आवश्यक शासकीय प्रक्रिया जल्द प्रारंभ किए जाने का आश्वासन दिया। कलेक्टर की संवेदनशीलता से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में सियान सदन की स्थापना को लेकर उम्मीद जगी है।
संघ ने अब इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम से मुलाकात कर आवश्यक सहयोग एवं सैद्धांतिक सहमति का अनुरोध करने का निर्णय लिया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में श्री प्रेमचंद्र गुप्ता, डॉ. अरविंद नारायण सिंह, श्री दीपक राजदान, श्री घनश्याम जायसवाल, श्री अलविस तिर्की, श्रीमती मिनिजिया एक्का, श्री रामकुमार राजवाड़े एवं श्री प्रकाश गोस्वामी शामिल रहे।
अब वरिष्ठ नागरिकों की निगाहें शासन और प्रशासन की ओर टिकी हैं कि बैकुंठपुर में प्रस्तावित सियान सदन का सपना कब और कितनी जल्दी साकार होता है।
राजेश सिन्हा,8319654988
