“चिरमिरी की लेखिका मल्लिका रुद्रा का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज”
चिरमिरी – चिरमिरी के इतिहास में पहला ऐसा अवसर है, जब यहाँ से गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकोर्ड्स में अपना नाम दर्ज करने का नायाब कारनामा कर दिखाया है। दरअसल वैश्विक साहित्यिक मंच आईना (AAINA) ने अपने आईना हेरिटेज वर्ल्ड रिकोर्ड प्रोजेक्ट (AAINA Heritage World Record Project) के माध्यम से नया इतिहास रचते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त किया है। चिरमिरी डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की हिंदी शिक्षिका एवं लेखिका श्रीमती मल्लिका रुद्रा ने इस प्रोजेक्ट में हिस्सा लेकर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराया। ‘सात आयाम जीवन के’ विषय पर आयोजित इस अभिनव अभियान में देश-विदेश के 775 साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने डिजिटल माध्यम से अपनी रचनात्मक सहभागिता दर्ज कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सफल नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय काव्यप्रेमी मंच की संस्थापक-अध्यक्ष एवं आईना (AAINA) की संस्थापक डॉ. ममता सैनी ने किया। उनके मार्गदर्शन में यह अभियान साहित्य, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाली चिरमिरी की लेखिका मल्लिका रुद्रा ने कहा कि “साहित्य समाज की चेतना, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है। यदि यह दस्तावेज तकनीक के माध्यम से चिरंजीवी हो तो पूरी दुनिया साहित्य से रुबरु हो सकती है।” इस प्रोजेक्ट में जीवन के सात आयामों को केंद्रित कर काव्य की रचना की गई, जिसे एआई (AI) द्वारा सत्यापित किया गया। तकनीक और रचनात्मकता का यह अद्भुत संयोजन इस प्रोजेक्ट की विशेषता है। “सात आयाम जीवन के” विषय में से मल्लिका रुद्रा ने “रिश्ते और भावनात्मक संबंध” आयाम पर “मेरा वसंत” शीर्षक से कविता प्रस्तुत की। इस कविता में उन्होंने स्त्रियों के जुड़े में लगी कील को उनके स्वाभिमान और वसंत से जोड़ते हुए स्त्री के अनिर्वचनीय प्रेम और आत्मसम्मान को अभिव्यक्त किया। श्रीमती रुद्रा ने बड़े ही सूक्ष्मता से स्त्रियों के जुड़े की खट्टी नमकीन महक को उनकी बची इच्छाओं से परिभाषित किया है। इस संवेदनशील कविता का संरक्षण अब आइना प्रोजेक्ट के माध्यम से किया गया है। जहाँ मल्लिका रुद्रा की व्याकरण संबंधी पुस्तक देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुकी है और लाखों विद्यार्थी लाभान्वित हो रहें हैं वहीं उनका साहित्य स्त्री-विमर्श पर पथ प्रशस्त कर रहा है। चिरमिरी क्षेत्र की इस बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए नगरवासी शुभकामनाएँ प्रेषित करते हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988
