ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, निकाली तिरंगा यात्रा
रायपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ द्वारा देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में ध्वजारोहण एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं।
ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, वरीय उपाध्यक्ष ध्यानचंद श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, मुकेश सिन्हा, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, आदित्य सक्सेना, सुदीप श्रीवास्तव सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
महिला प्रकोष्ठ ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ के महिला प्रकोष्ठ की भी सक्रिय भागीदारी रही। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष राखी श्रीवास्तव के नेतृत्व में रीता श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, नमिता सिन्हा, प्रतिभा श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि देश की प्रगति और मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा
ध्वजारोहण के पश्चात संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का माहौल देखने को मिला। सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी वजह से देश को आजादी मिली। स्वतंत्रता की इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर शहीदों के योगदान से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति कर्तव्य की भावना और मजबूत हो सके। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के संकल्प के साथ हुआ।
राजेश सिन्हा,8319654988
