सेवा संकल्प अभियान के तहत एमसीबी में तीन जिला स्तरीय शिविरों का होगा आयोजन
खड़गवां में 4, मनेन्द्रगढ़ में 5 और भरतपुर में 7 अक्टूबर को लगेंगे शिविर
विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की मिलेगी जानकारी, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी। संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में तीन जिला स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 अक्टूबर को खड़गवां, 5 अक्टूबर को मनेन्द्रगढ़ और 7 अक्टूबर को भरतपुर विकासखंड में जिला स्तरीय शिविर आयोजित होंगे। शिविरों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों एवं विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ शासन जनसंपर्क विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा तीनों विकासखंडों में शिविरों की तिथि एवं स्थल निर्धारित करने के साथ प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
खड़गवां में 4 अक्टूबर को पहला शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 अक्टूबर को जनपद पंचायत खड़गवां मैदान में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खड़गवां विजयेंद्र सिंह सारथी तथा सहायक प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खड़गवां रूपेश बंजारे होंगे। इसी प्रकार 5 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान मनेन्द्रगढ़ में शिविर आयोजित होगा। इसके प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनेन्द्रगढ़ लिंगराज सिदार तथा सहायक प्रभारी अधिकारी सुश्री वैशाली सिंह होंगी। वहीं 7 अक्टूबर को भरतपुर विकासखंड के इन्द्रप्रस्थ स्टेडियम जनकपुर में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भरतपुर शशि शेखर मिश्रा तथा सहायक प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भरतपुर अजय कुमार राठौर होंगे।
एक दिन पहले पूरी करनी होगी स्टॉल एवं साज-सज्जा की तैयारी
जिला स्तरीय शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके लिए स्थान का आबंटन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा किया जाएगा। विभागों को अपने निर्धारित स्टॉल पर बैनर-पोस्टर, विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित करने के साथ आवश्यक साज-सज्जा की व्यवस्था शिविर से एक दिन पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग प्रमुखों को प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने कहा गया है।
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। वनमण्डलाधिकारी मनेन्द्रगढ़ एवं कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग के लिए बांस-बल्ली एवं रस्सी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवेश द्वार, मंचीय व्यवस्था एवं मंचीय अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। संबंधित तहसीलदार आवश्यक प्रोटोकॉल के अनुरूप मंच पर बैठक व्यवस्था करेंगे।
लोक निर्माण विभाग की विद्युत/यांत्रिकी शाखा द्वारा माइक एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। उद्यान विभाग को मंच एवं प्रवेश द्वार की साज-सज्जा तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ जनरेटर की व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग कार्यक्रम स्थल पर रंगोली की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में चिकित्सा दल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल एवं टैंकर तथा जनसंपर्क विभाग को फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कानून एवं यातायात व्यवस्था के लिए रहेगा समन्वय
शिविर स्थलों पर कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी पुलिस से समन्वय स्थापित करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अमले के साथ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का समुचित निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन जिला स्तरीय शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। शिविरों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) www.khabarjagrannews.com

