सेवा संकल्प अभियान हुआ सार्थक, विधायक रेणुका सिंह के नेतृत्व में गुजरात से आए बाइक यात्रियों का आत्मीय स्वागत
जेसीबी से हुई भव्य पुष्पवर्षा, 7 क्विंटल गेंदा-गुलाब के फूलों से हुआ स्वागत, खुशबू से महका जनकपुर
बाइक यात्रियों ने कहा—ऐतिहासिक स्वागत से हुए आत्मविभोर, विधायक रेणुका सिंह एवं जनकपुरवासियों का जताया आभार
एमसीबी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी, उत्तर प्रदेश तक सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक रैली निकाली जा रही है। इस अभियान के माध्यम से देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की सेवा एवं समर्पण यात्रा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में वडनगर, गुजरात से निकली बाइक रैली का छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के विकासखंड भरतपुर स्थित नगर पंचायत जनकपुर में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध जनकपुर की धरती पर पहुंची बाइक रैली का पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से रैली के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते ही विधायक रेणुका सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक यात्रियों का ससम्मान अभिनंदन किया। इसके बाद रैली को जनकपुर लाया गया, जहां स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई तथा करीब 7 क्विंटल गेंदा और गुलाब के फूलों से बाइक यात्रियों का स्वागत किया गया। फूलों की बारिश और वातावरण में फैली खुशबू से पूरा जनकपुर उत्सवमय नजर आया।
इस ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत से गुजरात से आए बाइक यात्री भी भावुक नजर आए। उन्होंने जनकपुरवासियों द्वारा दिए गए आत्मीय सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि जिस गर्मजोशी और अपनत्व के साथ उनका स्वागत किया गया, उससे वे आत्मविभोर हैं। बाइक यात्रियों ने इस यादगार स्वागत के लिए विधायक रेणुका सिंह, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनकपुरवासियों के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल, जनकपुर मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खबर जागरण न्यूज (देस की आवाज) www.khabarjagrannews.com

