सावन की उमंग में झूमीं महिलाएं, महिला कांग्रेस ने मनाया सावन महोत्सव
मनेन्द्रगढ़। महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्वर्गीय इंदिरा गांधी पार्क, झगराखांड में सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने सावन गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया और आपसी सौहार्द के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
महोत्सव के दौरान सावन सुंदरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें भारती सक्सेना ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए “सावन सुंदरी” का खिताब अपने नाम किया। उनकी प्रस्तुति, आत्मविश्वास एवं सहभागिता की उपस्थित महिलाओं ने सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि सावन महोत्सव हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ-साथ हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का कार्य करते हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित सावन महोत्सव महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस शहर रूमा चटर्जी ने कहा कि सावन उमंग, उत्साह और आपसी प्रेम का पर्व है। महिला कांग्रेस आगे भी महिलाओं को जोड़ने वाले सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को प्राथमिकता देती रहेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस ग्रामीण निर्मला चतुर्वेदी ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक साथ बैठने, संवाद करने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर देते हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा करियाम ने कहा कि सावन हमारी लोक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
पूर्व पार्षद बबीता यादव ने कहा कि महिला कांग्रेस का यह आयोजन महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने वाला रहा। सभी महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन गीतों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री पूनम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी, निर्मला चतुर्वेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा करियाम, पूर्व पार्षद बबीता यादव, हमीदा खातून, ज्योति मजुमदार, किरण सिंह, स्नेहा सिंह, बेबी मखीजा, नमिता सिंह एवं नीलिमा श्यामल सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
राजेश सिन्हा,8319654988



