बरसात में मुसीबत बनी चनवारीडांड की पुलिया, जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से लगे ग्राम पंचायत चनवारीडांड में बरसात के मौसम में एक पुलिया ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। बारिश के दौरान पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश तेज होने पर पुलिया के ऊपर से पानी का बहाव बढ़ जाता है। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ-साथ आम लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौर करने वाली बात यह है कि ग्राम पंचायत चनवारीडांड मनेंद्रगढ़ से लगा हुआ क्षेत्र है। इसके बावजूद बरसात के दिनों में पुलिया पर पानी भरने से गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है और ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण लंबे समय से यहां बेहतर और सुरक्षित पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा पुलिया बारिश के पानी के दबाव और लगातार आवागमन के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द नए और ऊंचे पुल का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? यदि समय रहते पुलिया की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान किसी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर शासन-प्रशासन कब तक संज्ञान लेता है और सुरक्षित आवागमन के लिए नए पुल के निर्माण की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988
