तीन बच्चों को डूबने से बचाने वाले 18 वर्षीय शाकिर अली का सम्मान, कायस्थ समाज की महिला शक्तियों ने बढ़ाया हौसला
एमसीबी। नगर पंचायत खोंगापानी के मैगज़ीन तालाब में डूब रहे तीन बच्चों की जान बचाकर अद्भुत साहस और मानवता का परिचय देने वाले 18 वर्षीय शाकिर अली का अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं जीकेसी की महिला शक्तियों द्वारा सम्मान किया गया।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व तीन बच्चे तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर शाकिर अली ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला और उन्हें नया जीवन दिया।
शाकिर अली के इस साहसिक एवं सराहनीय कार्य को देखते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं जीकेसी द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाज की वरिष्ठ महिला श्रीमती निर्मला सिन्हा एवं समाज के वरिष्ठ पुरुष शुंभ शरण लाल ने शाकिर अली को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कायस्थ समाज की महिला एवं पुरुष वर्ग के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने शाकिर अली के साहस, पराक्रम और मानवता की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में अपनी जान की परवाह किए बिना तीन बच्चों की जिंदगी बचाना समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
समाज के सदस्यों ने शाकिर अली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे साहसिक कार्य करने वाले युवाओं का सम्मान न केवल उनका हौसला बढ़ाता है, बल्कि समाज के अन्य युवाओं को भी जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रेरित करता है।
शाकिर अली का यह साहसिक कार्य आज खोंगापानी क्षेत्र में मानवता और बहादुरी की मिसाल बन गया है।
राजेश सिन्हा,8319654988

