स्ट्रीट लाइट और जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मनेन्द्रगढ़ के वार्ड 01 से 22 तक समस्याओं का उठाया मुद्दा, प्रशासन पर उदासीनता का आरोप
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था, सड़कों एवं नालियों में जलभराव और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर को दिए गए पत्र में उपाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01 से 22 तक विभिन्न वार्डों में जनहित से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था, बारिश के कारण सड़कों एवं नालियों में जलभराव तथा प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया गया है।
कई स्थानों पर बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अधिकांश स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। वहीं मरम्मत के लिए निकाली गई कई लाइटों को दोबारा स्थापित नहीं किया गया है। इसके कारण विशेषकर महिलाओं और बच्चों के आवासीय क्षेत्रों में अंधेरा बढ़ने से जनसुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
बारिश से सड़क और नालियों की स्थिति खराब
उपाध्यक्ष ने कहा कि लगातार बारिश के कारण विभिन्न वार्डों में सड़कें और नालियां क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासनिक उदासीनता का लगाया आरोप
ज्ञापन में नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर जनहित से जुड़े आवश्यक कार्यों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया गया है। पत्र में कहा गया है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सप्ताह में 4 से 5 दिन मुख्यालय से अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण कार्यालयीन कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की प्रगति प्रभावित होने की बात कही गई है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित एवं लोक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइटों के संधारण, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत तथा जल-निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मनेन्द्रगढ़ को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
राजेश सिन्हा,8319654988

