
पूर्व ब्लॉक प्रमुख के निधन से एक युग का हुआ अंत – लेफ्टिनेंट जनरल शाही
गोरखपुर/ बांसगांव के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व0 चतुर्भुज सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल रविन्द्र प्रताप शाही गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम सिंह एवं रेल मजदूरों के राष्ट्रीय नेता अरविंद कुमार सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जनरल शाही ने बताया कि बांसगांव के पूर्व ब्लाक प्रमुख तथा सामाजिक गतिविधियों पर लम्बे समय तक अपनी छाप छोड़ने वाले बाबू चतुर्भुज सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हुआ है।जनरल शाही ने कहा कि स्व0 चतुर्भुज सिंह जी अपने प्रभाव का इस्तेमाल इस इलाके में आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने में किया तथा लोगों के दिलों पर अलग छाप छोड़ने का काम किया था। उनका जाना लोगों को बहुत दिनों तक कमी रहेगी। राधेश्याम सिंह ने उनके निधन को अपनी निजी क्षति बताया और कहा कि वो हमारे गांव ही नहीं पूर्वांचल की धरोहर थे। वे दक्षिणांचल की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ थे। उनके जाने से जो शून्य पैदा हुआ है वो लम्बे समय तक नहीं भरा जा सकता है।मजदूर नेता अरविंद कुमार सिंह ने उनके निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक दृढ इच्छा शक्ति वाला व्यक्ति बताया। और कहा कि वो समाज की भलाई तथा बांसगांव की अस्मिता के लिए हद से गुजरने के लिए तैयार रहते थे। इस इलाके में प्रशासनिक मनमानियों के खिलाफ अगर कोई व्यक्ति खड़ा होता था तो वो स्व0 चतुर्भुज सिंह ही थे। हम लोगों के बीच उनका जाना समाज की बड़ी क्षति है। हम सभी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते है।
संपादक-राजेश सिन्हा